नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से सब जूनियर जिला टीम के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। दूसरे चरण के कैंप ट्रायल का आयोजन आज से शुरू होगा। सेक्टर-37 स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में हुए पहले चरण के ट्रायल में चयनित खिलाड़ी ही सात दिवसीय कैंप में हिस्सा लेंगे। इसमें बालक वर्ग के 20 और बालिका वर्ग के 18 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
यूपी बास्केटबॉल एसोसिएशन के महासचिव दिलीप सिंह के नियुक्ति पत्र के अनुसार बालक टीम की जिम्मेदारी विक्रम दुग्गल और बालिका टीम की जिम्मेदारी रहीम बावा को सौंपी गई है। कैंप के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी कौशल, मैच प्रदर्शन और टीम संयोजन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। बालकों का कैंप ट्रायल सेक्टर-126 स्थित मयूर स्कूल और बालिकाओं का कैंप सेक्टर-44 स्थित एमिटी स्कूल में प्रस्तावित है। कैंप पूरा होने के बाद चयनित टीम 22 से 28 जुलाई तक गलगोटिया यूनिवर्सिटी में होने वाली 24वीं यूथ उत्तर प्रदेश स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।