- परिषदीय व कस्तूरबा के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा तैयार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। परिषदीय स्कूलों के छात्रों व कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं को विभिन्न खेलों के लिए तैयार किया जाएगा। खेलों में छात्रों को बेहतर बनाने के लिए अब स्कूलों में स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया की ओर से चयनित खेलों में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) जैसी तैयारी कराई जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से पहल की जा रही है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि परिषदीय स्कूलों, जूनियर हाईस्कूल व केजीबीवी में एक विद्यालय एक खेल योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कार्य शुरु हो गए है। स्कूलों में खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी और ओपेन जिम भी बनाए जाएंगे। छात्रों को राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 आयु वर्ग में छात्रों का चयन किया जाएगा।
-
10 दिन के विशेष शिविर का होगा आयोजन
चयन के बाद खिलाड़ियों के लिए 10 दिन का विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार किया जाएगा। इससे युवाओं में आपसी सामंजस्य भी बढ़ेगा। खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार छात्रों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। हाल ही में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद के छात्रों ने बास्केटवाल,क्रिकेट समेत कई अन्य खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे।