परिषदीय स्कूलों में डिजिटल लर्निंग को अनिवार्य रूप से लागू करने का लिया गया निर्णय
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई का तरीका बदलने जा रहा है। किताबों के साथ-साथ तकनीक के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जाएगा, जिससे उनकी समझ, कौशल और आत्मविश्वास को मजबूती मिलेगी और वे भविष्य के लिए तैयार हो सकेंगे। शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल लर्निंग को जुलाई के प्रथम सप्ताह से अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्णय लिया गया है। कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए सप्ताह में कम से कम एक पीरियड डिजिटल लर्निंग का होगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि जनपद में तेजी से स्मार्ट कक्षाएं विकसित हो रही हैं। अधिकतर स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं में ही पढ़ाया जा रहा है। बदलते समय में छात्रों को तकनीक के साथ जोड़ना जरूरी है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें। डिजिटल लर्निंग पीरियड में बच्चों को ई-कंटेंट, वीडियो लेक्चर, इंटरएक्टिव क्विज, स्मार्ट बोर्ड और डिजिटल टूल्स के माध्यम से पढ़ाया जाएगा।
रुचिकर बनेगी पढ़ाई
डिजिटल लर्निंग से छात्रों की समझने की क्षमता बढ़ेगी। विजुअल और ऑडियो माध्यम का उपयोग होने से बच्चों की रुचि बढ़ेगी और वे ज्यादा सक्रिय होकर सीखेंगे। इन कक्षाओं में कंप्यूटर ज्ञान, इंटरनेट का सही उपयोग, ऑनलाइन लर्निंग टूल्स, डिजिटल कंटेंट की समझ और प्रेजेंटेशन स्किल छात्रों को सिखाई जाएगी।