-डीयू के अरबिंदो कॉलेज की कार्यशाला में छात्रों को कॅरिअर गाइडेंस दी गई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विद्यार्थी दबाव में कॅरिअर का चयन न करें। जिस विषय में रुचि हो उसी कोर्स को चुनकर आगे कॅरिअर बनाएं। समय व वर्तमान की मांग के अनुरूप कॅरिअर बनाने से भविष्य बेहतर होगा। दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध अरबिंदो कॉलेज में शनिवार को विद्यार्थियों को ऐसी ही जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें करियर का चुनाव व तनाव प्रबंधन कैसे करना है, इसके बारे में बताया गया।
अरबिंदो कॉलेज के तत्वावधान में स्नातक डिग्री करने के पश्चात कॅरिअर चुनाव करने के लिए कॉलेज की संस्था कॅरिअर परामर्श और मार्गदर्शन प्रकोष्ठ व ड्रामेटिक सोसायटी मोक्ष के सहयोग से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो अरुण चौधरी ने किया। कॅरिअर गाइडेंस कार्यशाला को संबोधित करते हुए कॉलेज प्राचार्य प्रो अरुण चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक, भावनात्मक और व्यावसायिक विकास का समर्थन करने के लिए एक समर्पित कॅरिअर परामर्श और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। समन्वयक डॉ मिन्नी नारंग ने बताया कि विद्यार्थियों को कॅरिअर गाइडेंस की जानकारी देने से पूर्व कॉलेज ड्रामेटिक सोसायटी मोक्ष के कलाकारों ने करियर का चुनाव कैसे करें, पढ़ेंगे तो बढ़ेंगे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जानकारी दी। नाटक में छात्रों को उपस्थिति, असाइनमेंट, पाठ्येतर गतिविधियों और उच्च अध्ययन की तैयारी में संतुलन बनाने में छात्रों के दबाव को चित्रित किया। प्रांगण प्रशिक्षण और कौशल विकास केंद्र की निदेशक डॉ निकिता सभरवाल ने कक्षा से कॉर्पोरेट यात्रा विषय पर जानकारी दी।