डीएम के गोद लिए स्कूल का हाल, गड्ढे के ऊपर रखने को बच्चों से उठवाया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कंपोजिट विद्यालय छलेरा स्कूल के छात्र किताब की जगह पत्थर उठा रहे हैं। शुक्रवार को छात्र स्कूल के बाहर से बड़ा पत्थर परिसर में लेकर जाते दिखे। आसपास मौजूद शिक्षक छात्रों को दिशा निर्देश दे रहे थे। यह हाल तब है जब इस स्कूल को जिलाधिकारी ने गोद लिया हुआ है। हालांकि प्रिंसिपल का कहना है कि एक छोटा सा पत्थर था, जिसे गड्ढे पर रखवाया जा रहा था, ताकि छोटे बच्चे पानी में न गिर जाएं।
छलेरा के कंपोजिट विद्यालय में कक्षा एक से लेकर आठवीं तक के छात्र पढ़ते हैं। कई साल पहले इस स्कूल को जिलाधिकारी ने गोद लिया था। इसलिए भी यहां पर अन्य स्कूलों की तुलना में बेहतर सुविधाएं हैं। लगातार छात्रों की संख्या बढ़ रही है। अन्य स्कूलों की तुलना में शिक्षकों की संख्या भी ज्यादा है। छलेरा, सदरपुर, सेक्टर-37, सेक्टर-44 से बच्चे यहां पढ़ने के लिए आते हैं। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत स्कूल में कई काम भी कराए गए हैं। कई बार जिलाधिकारी भी खुद स्कूल में आ चुके हैं। प्रिंसिपल कुसुम मिश्रा ने बताया कि गड्ढे के ऊपर रखने के लिए बच्चों ने पत्थर उठाया था। ये बच्चे बड़े थे। इनकी मदद के लिए चौकीदार भी लगा था। बच्चों से स्कूल में कोई काम नहीं कराया जाता है।