संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। विभिन्न स्पर्धाओं में जिले की प्रतिभाओं को निखारने के लिए जिला युवा कल्याण विभाग की ओर से गौतमबुद्ध नगर में युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर के विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने कहानी लेखन, चित्रकला, लोकनृत्य समूह, लोकगीत, कविता लेखन तथा विज्ञान मेला प्रदर्शनी जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह ने बताया, 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब मेरठ में आयोजित होने वाले नॉर्थ जोन-1 प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वहां चयनित प्रतिभाएं राज्य स्तर पर अपनी योग्यता साबित करेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के निदेशक विक्रम वाली ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रजिस्ट्रार विनोद कुमार, डीन डॉ. पल्लवी गोयल, डॉ. प्रियंका, आकाश, हिमांशु, यतेंद्र पाल सिंह सहित कई शिक्षक व अधिकारी मौजूद रहे।