-स्नातक, स्नातकोत्तर व पीएचडी में आवेदन के लिए बनाए गए हैं अलग-अलग टैब
-दाखिला ब्रोशर भी विवि के ऑनलाइन दाखिला पोर्टल पर उपलब्ध
-यूनिवर्सिटी ने सुविधा केंद्र स्थापित कर जारी किया हेल्पलाइन नंबर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईपी यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक सत्र 2024-2025 में दाखिले के लिए छात्र ऑनलाइन पोर्टल पर 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की सुविधा के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर व पीएचडी में ऑनलाइन आवेदन के लिए अलग-अलग टैब बनाए गए हैं। दाखिला ब्रोशर भी यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन दाखिला पोर्टल पर उपलब्ध है। यही नहीं, आवेदकों की सहूलियत के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म का सरलीकरण किया है। ऐसे में आवेदक मोबाइल फोन के माध्यम से भी आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर करेगा मुश्किलों का समाधान
आवेदन से जुड़ी किसी भी उलझन को दूर करने के लिए यूनिवर्सिटी ने सुविधा केंद्र स्थापित किया है। छात्र दाखिला संबंधी सहायता के लिए टेलीफोन नंबर 25302167 और 25392169 पर संपर्क कर सकता है। यही नहीं, proipu.ac.in पर मेल कर सकते हैं। साथ ही, विश्वविद्यालय में विजिट भी कर सकते हैं। किसी आवेदक को ऑनलाइन फॉर्म भरने में यदि तकनीकी दिक्कत आ रही हो तो वह यूनिवर्सिटी सुविधा केंद्र में आकार फॉर्म भरवा सकता है।
-
विवि प्रवेश परीक्षा को भी मिलेगी प्राथमिकता
यूनिवर्सिटी के निदेशक (दाखिला) प्रो. उदयन घोष ने बताया कि पिछले साल की तरह इस साल भी दाखिले में प्रथम प्राथमिकता नेशनल लेवल टेस्ट को दिया जाएगा। उसके बाद यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षाओं और सीयूईटी स्कोर को दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी के कुछ प्रोग्राम में दाखिले अंतिम उत्तीर्ण परीक्षा के परिणाम की मेरिट के आधार पर भी दिए जाएंगे। ज्यादातर ऐसे प्रोग्राम वीकेंड में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि जो आवेदक सीयूईटी के स्कोर से दाखिला चाहते हैं, उन्हें भी यूनिवर्सिटी का ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। अपीयर कैंडिडेट किसी भी प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। छात्र विस्तृत जानकारी यूनिवर्सिटी की अधिकारिक वेबसाइट्स से ले सकते हैं।