माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और एयरोस्पेस तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को तीन दिवसीय मॉडल रॉकेट्री कार्यशाला एयरोनेक्स 1.0 का शुभारंभ हुआ। लर्न, बिल्ड एंड लॉन्च थीम पर आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को रॉकेट निर्माण की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
पहले दिन प्रतिभागियों को रॉकेट्री के बुनियादी सिद्धांतों, डिजाइन और मॉडल रॉकेट किट की जानकारी दी गई। दूसरे दिन विद्यार्थी रॉकेट के डिजाइन और निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। वहीं, 20 नवंबर को तैयार मॉडल रॉकेट का पर्यवेक्षित प्रक्षेपण और मूल्यांकन किया जाएगा।
कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी है। ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों में नवाचार और तकनीकी कौशल विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को रॉकेट निर्माण की पूरी प्रक्रिया से परिचित कराना है। इस अवसर पर प्रो. राजीव वार्ष्णेय, प्रो. एस धनलक्ष्मी, डॉ. अर्पित भारद्वाज, विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गोयल, डॉ. विदुषी शर्मा और डॉ. अन्नू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।