नई दिल्ली। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) उम्मीदवारों का परीक्षा प्रक्रिया की अनियमितताओं को लेकर जारी विरोध का जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ ने समर्थन किया। छात्र संघ ने एसएससी में तत्काल संस्थागत सुधार, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा आयोजन की मांग की है।
जेएनयू छात्र संघ के संयुक्त सचिव वैभव मीणा ने कहा कि देश भर में लाखों उम्मीदवार परीक्षा रद्द होने, केंद्रों में अचानक बदलाव, तकनीकी गड़बड़ियों, खराब संचार और परिणामों में देरी से प्रभावित हुए हैं। इससे चिंता, अनिश्चितता और देश की सबसे बड़ी भर्ती एजेंसी पर से विश्वास खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ सभी उम्मीदवारों के साथ दृढ़ता से खड़ा। इस बात पर जोर देता है कि भर्ती प्रक्रियाएं पूर्वानुमानित, पेशेवर और ईमानदारी के उच्चतम मानकों पर आधारित होनी चाहिए। छात्र संघ की मांग है कि परीक्षाओं और परिणामों की तिथियों के लिए एक निश्चित और जवाबदेह वार्षिक कैलेंडर के तत्काल प्रकाशन, मानकीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता, उत्तर कुंजी पर आपत्तियों का शीघ्र निवारण और एक उत्तरदायी शिकायत निवारण प्रणाली हो। ब्यूरो