तावडू। नगर के ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में शुक्रवार को कानूनी साक्षरता विषय के अंतर्गत खंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रवक्ता ओम सिंह ने बताया कि निबंध, स्लोगन लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, कविता, पेंटिंग आदि प्रतियोगिताएं थीं।
उन्होंने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुर अहिर की छात्रा कोमल, स्लोगन में राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालय कलवाड़ी की छात्रा प्रिया, भाषण में स्वामी विवेकानंद तावडू की छात्रा तनु, वाद-विवाद प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद स्कूल के छात्र नीरज आदि ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि खंड स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशंसा पत्र और धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा।