शिकायत पर चारों बच्चों की टीसी काटने का आरोप, सेक्टर-130 के स्कूल पर अभिभावक ने लगाए गंभीर आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-130 स्थित एक निजी स्कूल में छात्रा को किताब नहीं लाने पर 100 उठक-बैठक लगाने की सजा देने का मामला सामने आया है। अभिभावक का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। छात्रा के अभिभावक का आरोप है कि सजा के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की तो कार्रवाई करने के बजाय उनके चारों बच्चों को स्कूल से निकालने की धमकी दी गई। अभिभावक ने जिलाधिकारी को पत्र देकर स्कूल की मान्यता, संचालन और कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।
असगरपुर सेक्टर-128 निवासी अजय अवाना ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके चार बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। अभिभावक के अनुसार 30 जुलाई को स्कूल के गणित-विज्ञान शिक्षक ने कक्षा-10 की छात्रा को किताब नहीं लाने पर 100 उठक-बैठक लगाने की सजा दी। आरोप है कि इसके बाद छात्रा के पैरों में सूजन आ गई और उसे बुखार हो गया।
अजय का आरोप है कि वह मामले की शिकायत लेकर स्कूल की प्रधानाचार्या के पास पहुंचे। शिक्षक पर कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 3 अगस्त को उनकी बेटी की टीसी काटकर दे दी गई और अन्य तीन बच्चों की भी टीसी लेने के लिए कहा गया। अभिभावक ने स्कूल के संचालन पर भी सवाल उठाते हुए डीएम से जांच की मांग की है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि स्कूल बिना वैध मान्यता के संचालित हो रहा है और अन्य स्कूलों के माध्यम से बोर्ड परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों के आवेदन कराए जाते हैं।