छात्र का पीछा कर डंडों व पिस्टल की बट से हमला
नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुई वारदात, प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में कार से जा रहे छात्र और उसके साथी का पीछा कर रास्ते में घेरकर मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दिल्ली के वजीराबाद निवासी मनीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जून की रात करीब नौ बजे उनका भतीजा क्षितिज भाटी अपने दोस्तों आर्यन शर्मा और शिवम भार्गव के साथ कार से जेवर से कोंडली की ओर जा रहा था। रास्ते में एक कार लगातार उनकी गाड़ी के पीछे चल रही थी और बार-बार डिपर मार रही थी। कोंडली गांव के पास जैसे ही उनकी कार रुकी, तभी तीन गाड़ियों में सवार 10 से 12 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने बिना किसी विवाद के गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि निशांत यादव ने पिस्टल निकालकर पहले क्षितिज के सिर पर वार करने का प्रयास किया। बचने पर उसने पिस्टल की बट से क्षितिज के चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे उसके दांत और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। इसके बाद पैर पर वार किया गया, जिससे फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने उसके पैर का ऑपरेशन किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।