नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज कॉलेज में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की विषम सेमेस्टर परीक्षा में एप्पल आईवॉच से नकल करते एक छात्र को परीक्षकों ने पकड़ लिया। छात्र का आई फोन बाहर जमा कर लिया गया था लेकिन जीपीएस (गलोबल पोजिशनिंग सिस्टम) के माध्यम से मोबाइल में मौजूद डाटा से वह प्रश्रों के उत्तर देखकर लिख रहा था।
केंद्र व्यवस्थापक दिनेश सिंह ने बताया कि बुधवार को एकेटीयू की विषम सेमेस्टर परीक्षा में सुबह की पाली में बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थी गणित की परीक्षा दे रहे थे। जीएल बजाज कॉलेज में पांच कॉलेजों का केंद्र है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान एक कमरे में मौजूद परीक्षक की नजर आईटीएस कॉलेज के एक छात्र पर पड़ी। छात्र परीक्षक की नजर बचाकर बार-बार अपनी कलाई घड़ी की ओर देखकर परीक्षा दे रहा था। शक होने पर परीक्षक ने छात्र से उसकी कलाई घड़ी देखी तो उसमें गणित से संबंधित प्रश्न और उसके उत्तर दिखे।
सूचना पर पहुंचे केंद्र व्यवस्थापक ने कलाई घड़ी उतरवाई। वहीं, छात्र की कॉपी में संबंधित जानकारी डालकर उसे नई कॉपी दे दी गई। परीक्षकों ने संबंधित मामले में कार्रवाई की और जानकारी विश्वविद्यालय को भेज दी। परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र की एप्पल आई वॉच वापस कर दी गई।
जीएल बजाज कॉलेज में पांच अन्य कॉलेजों के छात्र परीक्षा दे रहे हैं। केंद्र से एक छात्र के पास से एप्पल कंपनी की आईवॉच मिली थी। जिसे उसने अपने एप्पल मोबाइल से कनेक्ट कर रखा था। आई वॉच में संबंधित सामग्री देखकर कार्रवाई की गई है। छात्र के बारे में जानकारी एकेटीयू विश्वविद्यालय लखनऊ को भेज दी गई है।
- राजीव अग्रवाल, निदेशक जीएल बजाज कॉलेज