-यमुना सिटी की एटीएस एल्योर सोसाइटी के बेसमेंट से भूजल निकलने का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी की एटीएस एल्योर सोसाइटी के बेसमेंट से भूजल निकलने के मामले में स्ट्रक्चरल ऑडिट हो चुका है लेकिन एक माह बाद भी निवासियों को रिपोर्ट नहीं मिली है। उनका आरोप है कि ऑडिट रिपोर्ट पर काम भी शुरू नहीं कराया गया है। केवल पानी को बाहर निकाला जा रहा है। प्रशासन ने भी पत्र भेजकर रिपोर्ट मांगी थी। निवासियों का कहना है कि प्रशासन व यमुना प्राधिकरण के चक्कर लग रहे हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-22डी की एटीएस एल्योर सोसाइटी के बेसमेंट के फर्श से लगातार भूजल निकल रहा है। प्रशासन ने इसकी जांच की तो सात से आठ दरार और सुराख मिले। तीन से चार गड्ढे भी बन गए। उनको कंक्रीट से भरने का प्रयास किया गया लेकिन पानी का रिसाव नहीं रुका।
निवासियों ने बताया कि बिल्डर ने चार अप्रैल को बिट्स पिलानी से स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया। करीब दो माह बाद बिल्डर ने माना कि रिपोर्ट आ चुकी हैं। जल्द ही प्राधिकरण और प्रशासन को रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी लेकिन अब तक नहीं मिली। प्रशासनिक अफसरों ने भी रिपोर्ट मिलने से इन्कार किया है। लोगों का कहना है कि बारिश में जलस्तर बढ़ जाता है। इस कारण समस्या अभी भी बरकरार है। पानी को डी-वाटरिंग कर बाहर निकाला जा रहा है। स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।