शिवगंगा एक्सप्रेस पर किया पथराव, आठ गिरफ्तार
दादरी। दादरी रेलवे स्टेशन के पास रविवार रात कुछ युवकों ने शिवगंगा एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव कर दिया। आरोपी युवक हरियाणा के भौंडसी में बीएसएफ की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि बिना टिकट थ्री एसी कोच में सवार होने पर उन्हें ट्रेन से उतार दिया गया था। इस बात से नाराज होकर उन्होंने ट्रेन पर पथराव किया। आरपीएफ ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के भौंडसी में बीएसएफ की 95 बटालियन की भर्ती चल रही है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के बाद रविवार को वापसी में कुछ युवक अपने घर जाने के लिए दिल्ली से शिवगंगा एक्सप्रेस में सवार हुए और थ्री टायर कोच में आरक्षित सीटों पर बैठ गए। इनमें से सिर्फ दो युवकों के पास जनरल का टिकट था। आरक्षित सीटों पर बुकिंग कराने वाले यात्रियों ने उनका विरोध किया तो आरोपी हंगामा करने लगे। सूचना पर रेलवे के अधिकारी पहुंचे और युवकों से टिकट मांगा। लेकिन युवक टिकट नहीं दिखा सके। रेलवे अधिकारियों ने उन्हें दादरी रेलवे स्टेशन पर उतरने को कहा। लेकिन दादरी स्टेशन से पहले दौलतराम कॉलोनी के पास सिंग्नल नहीं मिलने पर ट्रेन रुक गई। रेलवे अधिकारियों ने युवकों को वहीं उतार दिया। इससे नाराज युवकों ने ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया। जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम ने आठ युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके कुछ साथी फरार हो गए। ट्रेन जाने के बाद आरोपियों को स्टेशन पर लाकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशुतोष यादव निवासी बालापुरा गाजीपुर, अजीत यादव, अनुज यादव व उपेन्द्र सिंह सभी निवासी करणपुरा गाजीपुर, विकास रावत निवासी ठाकुर गोटी देवरिया, रामपत यादव निवासी निवासी सलेमपुर देवरिया, आनंद कुमार व विकास सिंह निवासी जमानिया गाजीपुर के रूप में हुई है।
कुछ युवकों ने ट्रेन पर पथराव किया है। आठ युवकों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है। ट्रेनों पर पथराव करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। - संजय कुमार आर्य, प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ दादरी