ग्रेटर नोएडा के दनकौर दौला रजपुरा गांव में शनिवार को बच्चों के खेलने के दौरान उपले टूटने का विवाद इस कदर बढ़ा की दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलाए गए। दोनों ओर से पथराव हुआ। जिसमें गांव निवासी जाहिद (23) की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया है। इसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायलों में एक एक युवक की हालत गंभीर बताई गई है। मामले में दोनों पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, दौला रजपुरा गांव निवासी जाहिद के खेत पर पथ रहे उपले पड़ोस के ही कासिम के परिवार के बच्चों के खेलने के दौरान टूट गए।
बताया गया है उपले टूटने पर जाहिद और परजिनों ने डांट फटकार लगा दी थी। बच्चों ने घर पहुंचकर मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोप है कि बच्चों के परिजनों ने वहां पहुंचकर जाहिद और उसके परिवार के सलीम, वाहिद और कादिर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर पथराव हुआ। इसमें कासिम, माजिद और साजिद समेत दोनों पक्ष के 7 लोग घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें दनकौर के अस्पताल में भर्ती कराया। घायल जाहिद की हालत ज्यादा खराब होने के चलते डॉक्टरों ने उसको ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने जाहिद को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में दूसरे पक्ष के एक युवक की भी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी अमित कुमार और एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे भी दनकौर पहुंच गए। तनाव को देखते हुए दोनों पक्षों के घर के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि एक ही समुदाय के दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। शिकायत और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।