- जारचा कोतवाली क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव की घटना, तनाव को देखकर पुलिस बल तैनात
दादरी (संवाद)। जारचा कोतवाली क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव में सोमवार सुबह दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट व पथराव में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्ष की शिकायत पर 8 नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बिसाहड़ा गांव निवासी सुमित कुमार सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक दर्जी की दुकान पर गया था। तभी वहां पर गांव का हिमांशु भी पहुंच गया। आरोप है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर फिर से कहासुनी हो गई। जो मारपीट में बदल गई। आसपास के लोगों ने दोनों को शांत कराकर घर भेज दिया। उस घटना के कुछ देर बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। आरोप है कि सुमित ने अपने परिजनों व अन्य लोगों को बुलाकर हिमांशु के घर पर हमला कर दिया। भीड़ ने घर में घुसकर हिमांशु के साथ मारपीट की। जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। घटना की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें भीड़ कुछ युवकों के पीछे लाठी डंडे लेकर दौड़ रही है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि सुमित, हिमांशु समेत तीन लोग घायल हुए है। दोनों तरफ से मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।