संतकबीरनगर। शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए बैंक चौराहा से नेदुला तक की सड़क को सीसी रोड बनाई जानी थी, लेकिन आधी सड़क निर्माण के बाद कार्य ठप हो गया था, इससे लोगों को आने-जाने में समस्या झेलनी पड़ रही थी।
अब नगर पालिका प्रशासन ने अधूरी सड़क को सीसी रोड बनाने के कार्य शुरू करा दिया है। इससे बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की उम्मीद जग गई है। इस सड़क के निर्माण से जहां शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी वहीं मेंहदावल की तरफ से आने वाले वाहन विधियानी होकर धनघटा की तरफ निकल जाएंगे।
शहर में जाम की समस्या अक्सर बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने बैंक चौराहा से नेदुला बाईपास तक सीसी रोड व नाला निर्माण की कार्य योजना तैयार की थी। नेदुला से बंजरिया तक नाला का निर्माण और सड़क को सीसी रोड बनाने का कार्य कराया गया था, लेकिन जलापूर्ति के लिए जल निगम ने पाइप बिछाने का कार्य कराना शुरू कर दिया, जिसके कारण कार्य ठप हो गया था। जिससे लोगों को इस मार्ग से होकर आना- जाना मुश्किल हो गया था। इधर जल निगम ने पाइप बिछा दी है। इसके बाद पालिका प्रशासन ने अधूरी पड़ी सड़क को सीसी रोड बनाने के लिए कार्य शुरू करा दिया है। इसके तहत सड़क को तोड़ा जा रहा है और गिट्टी बिछाने की तैयारी चल रही है।
इस कार्य के होने के बाद लोगों का सफर आसान हो जाएगा। इस सड़क के बनने के बाद मेंहदावल से धनघटा की तरफ आने- जाने वाले वाहन नई तहसील से होकर पटखौली होते हुए नेदुला बाईपास पर पहुंच जाएंगे। इसके बाद नेदुला से बैंक चौराहा होकर विधियानी मार्ग होकर धनघटा के लिए चले जाएंगे। खासकर बड़े वाहनों के इधर से गुजरने से शहर में जाम की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।