-ईस्टर्न पेरिफेरल से यमुना एक्सप्रेसवे के जुड़ाव, कई प्रोजेक्टों पर शुरू हो गए निर्माण कार्य
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के उद्घाटन की तिथि और उसके 45 दिन बाद देश के 10 प्रमुख शहरों में उड़ानों की घोषणा के बाद अब फिल्म सिटी सरीखी परियोजनाओं के कार्य शुरू होने पर हरी झंडी मिलने की संभावना बढ़ गई है। अनुमान जताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों ही फिल्म सिटी के निर्माण के लिए पहला पत्थर रखा जाएगा। हालांकि, इसके बारे में अभी अधिकारी कुछ बताने से कतरा रहे हैं।
हाल ही में दनकौर क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल से यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा फिल्म सिटी के सामने ही रबूपुरा क्षेत्र में भाईपुर-ब्रह्ननान अंडरपास के निकट वाहनों के उतरने-चढ़ने के लिए रैंप का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की रोटरी पर भी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कार्य शुरू करने जा रहा है। ऐसे में क्षेत्र में विकास की बहार आने वाली है। साथ ही फिल्म सिटी का निर्माण भी जल्द शुरू होने पर आस-पास के क्षेत्रों में रोजगार बढ़ने की भी संभावना है।
बड़े उद्योगों का जल्द निर्माण शुरू
एयरपोर्ट शुरू होने की आहट पर ही यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की आने वाली कंपनियां अपनी रुचि दिखाने लगी हैं। अनुमान जताया जा रहा है कि पतंजलि कंपनी समेत क्षेत्र में कई कंपनियाें का निर्माण जल्द शुरू होगा। एयरपोर्ट आने के बाद जापानी औद्योगिक सिटी और कोरियाई इंडस्ट्री सिटी समेत अन्य क्षेत्रों में कई कंपनियों के आने की संभावना है।
एयरपोर्ट आने पर शुरू होंगे विश्वविद्यालय और कॉलेज
गलगोटिया विश्वविद्यालय के निकट यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में लखनऊ के बाबू बनारसीदास विश्वविद्यालय के कॉलेज का निर्माण शुरू हो गया है। साथ ही नोएडा के शिक्षण संस्थान का मेडिकल कॉलेज भी बना रहा है। इसके अलावा सेक्टर-22ई में जेबीएम विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य विदेशी विवि भी अपने संस्थान क्षेत्र में लाने का जल्द प्रयास करेंगे।