आगरा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) शास्त्रीपुरम में चल रहे खेलों के महाकुंभ में तीसरे दिन भी रोमांच रहा। रिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित ओलंपिक में सोमवार को तैराकी, एथलेटिक्स और योग के फाइनल मुकाबले खेले गए। मून स्कूल ओलंपिक का होस्ट डीपीएस ताज सिटी और मीडिया पार्टनर अमर उजाला है।
मून टीवी के निदेशक राजीव दीक्षित ने बताया कि तैराकी सीनियर बालक वर्ग में सेंट पीटर्स और बालिका में जीडी गोयनका विजेता रहा। जूनियर बालक और बालिका वर्ग में डीपीएस चैंपियन रहा। प्रतियोगिता में 350 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अतिथि ब्लासम हाॅस्पिटल के निदेशक डाॅ. सचिन मल्होत्रा, सेंट मार्क्स स्कूल के राजू डेनियल, व्यापारी नेता रवि प्रकाश अग्रवाल, आगरा विकास मंच के राजकुमार जैन, रमेश बाधवा, सेंट एंड्रूज स्कूल के निदेशक शिवांजल शर्मा, हेरिटेज स्कूल के निदेशक लाखन सिंह कुशवाह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सीनियर बालिका वर्ग में सेंट एंड्रूज कमलानगर और बालक वर्ग में सीएफ एंड्रूज ओवरऑल विजेता रहा। बालक वर्ग में भारती बाल विद्या मंदिर और बालिका वर्ग में आवंतीबाई इंटर काॅलेज उपविजेता बना। अंडर-14 जूनियर बालक में सीएफ एंड्रूज और बालिका में डीपीएस विजेता रहे। वहीं उपविजेता का खिताब बालक वर्ग में नारायण इंटर और बालिका का अलखनंदा ने हासिल किया।
मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजयुमो के राहुल जैन, छोटे लाल बंसल, डाॅ. आरके माहेश्वरी, दीपक महेश्वरी, मनीष गोयल, महेश उपाध्याय, अभिषेक गर्ग, पुष्कल गुप्ता, अनुज गर्ग ने विजेता-उपविजेता टीमों को ट्राॅफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति के राजीव दीक्षित और मनीष तिवारी ने किया।
मुक्केबाजी का हुआ शुभारंभ
मून स्कूल ओलंपिक में सोमवार को मुक्केबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ डीपीएस शास्त्रीपुरम में हुआ। प्रतियोगिता दो वर्गों में हो रही है।
योग में डीपीएस अव्वल
योग प्रतियोगिता अंडर-10, 14 व 19 में बच्चों ने लोगों को आश्चर्यचकित किया। इसमें डीपीएस शास्त्रीपुरम विजेता रहा। कर्नल ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल दूसरे और एमपीएस वर्ल्ड स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। अतिथियों ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को मेडल दिए।