नोएडा। सेक्टर-38ए स्थित बॉटेनिकल गार्डन मल्टीलेवल कार पार्किंग में बृहस्पतिवार से निशुल्क ऑक्सीजन लंगर की शुरुआत की गई। इसे सेक्टर-18 के श्री गुरु गोबिंद सिंह सभा की ओर से शुरू किया गया है। नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए जगह उपलब्ध कराई है। यहां एक मरीज को तीन घंटे तक ऑक्सीजन की सुविधा मिल पाएगी। लंगर सेवा के प्रबंधकों ने बताया कि पार्किंग के दूसरे तल पर सेवा शुरू की गई है। यह बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पीछे है। यहां पहुंचने के लिए गेट नंबर 4 का प्रयोग किया जा सकता है। यह मेट्रो स्टेशन और जीआईपी मॉल के बीच स्थित है। यहां जाने से पहले मरीज के परिजनों को 9654714986 पर कॉल कर ऑक्सीजन सिलिंडर या ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की उपलब्धता की जानकारी करनी होगी।
यह संक्रमित मरीजों के लिए निशुल्क सेवा है। यहां 18 वर्ष से ऊपर के मरीज को आधार कार्ड के साथ आना होगा। यह सेवा उनके लिए है, जिनको ऑक्सीजन की बेहद जरूरत है और अस्पताल में नहीं मिल पा रही हैं। ऑक्सीजन लंगर सेवा पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगी। मरीजों को उनकी गाड़ी में ही ऑक्सीजन देने की सुविधा है। इसके अलावा ऐसे मरीजों के लिए 10 बेड की सुविधा है, जो पैदल आए हैं या फिर उनके पास किसी तरह का वाहन उपलब्ध नहीं है। यहां किसी तरह का मेडिकल उपचार नहीं मिल पाएगा। प्रबंधकों का कहना है कि जो मरीज गंभीर हालत में हैं और उनका ऑक्सीजन स्तर 80 या इससे नीचे है, उनको अस्पताल जाना होगा। मरीज के एक सहायक को पूरे समय तक वहां उपस्थित रहना होगा। ऑक्सीजन देने के दौरान यदि मरीज मृत्यु हो जाती है तो प्रबंधक इसके लिए जिम्मेदार नहीं होंगे।
ऑक्सीजन प्लांट युक्त 50 बेड का अस्पताल शुरू
ईकोटेक क्षेत्र स्थित हलदौनी मोड़ के पास 50 बेड वाले आस्क्लेपियस मल्टीस्पेशलियटी अस्पताल का बृहस्पतिवार को शुभारंभ किया गया। यहां कोविड मरीजों का उपचार किया जाएगा। अस्पताल के अंदर ही ओटी, आईसीयू, वार्ड, वेंटिलेटर, उच्च तकनीक की प्रयोगशाला के साथ डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। डॉ. अमित जायसवाल और अभिषेक मिश्रा ने संक्रमित मरीजों की देखभाल करने के उद्देश्य से इसको शुरू किया है। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन संकट से दिल्ली-एनसीआर में बहुत बुरी स्थिति है। बीते एक सप्ताह में अनगिनत मौतें हुई हैं। हमने अस्पताल के अंदर प्रेशर स्विंग एब्जॉबर्सन (पीएसए) ऑक्सीजन निर्माण प्लांट लगाए हैं। अस्पताल परिसर में 90 मिनट में 9000 लीटर ऑक्सीजन बनाने वाली मशीन को स्थापित किया गया है। मौके पर वरिष्ठ डॉ. शुभदा गुप्ता, डॉ. ब्रजेश यादव, डॉ. भारत गोस्वामी, डॉ. निशांत आदि मौजूद रहे।