खिलाड़ियों को दिल्ली, हरियाणा व आसपास के जिलों में तैयारी के लिए जाना पड़ता है
प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों की भर्ती के लिए विभाग की ओर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू
नितेश कुमार
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय की ओर से गौतमबुद्ध नगर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी सौगात दी गई है। विभाग की ओर से ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीरंदाजी और भारोत्तोलन खेलों में खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए दो कोच की नियुक्ति कर दी गई है। जिले के खिलाड़ियों को अब तीरंदाजी और भारोत्तोलन की तैयारियों के लिए दिल्ली, हरियाणा या आसपास के जिलों में नहीं जाना पड़ेगा।
तीरंदाजी और भारोत्तोलन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए खेलने का सपना देखने वाले जिले के खिलाड़ियों के सपनों को पंख लगने वाले हैं। जानकारी के अनुसार शासन की ओर से मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो एनआईएस कोच की नियुक्ति की गई है। मेरठ निवासी तीरंदाजी कोच वृशांत ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। जबकि गोरखपुर निवासी भारोत्तोलन कोच अंकुर यादव इसी महीने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना शुरू कर देंगे।
प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी मेरठ जितेंद्र यादव के निर्देश पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दरअसल, जिले के खिलाड़ियों को तीरंदाजी और भारोत्तोलन स्पर्धाओं में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए दिल्ली, हरियाणा व अन्य जिलों जाना होता है। इससे उनके समय की बर्बादी होती है वहीं, जेब भी ढीली करनी होती है।
जिले में तीरंदाजी, भारोत्तोलन, बास्केटबॉल, कुश्ती में खिलाड़ियों को निपुण बनाने के लिए बीते वर्ष पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी लक्ष्य राज त्यागी ने शासन से कोच व व्यवस्थाओं की मांग की थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए शासन की ओर से दो प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है।
बास्केटबॉल, कुश्ती प्रशिक्षण के लिए भी कोच का इंतजार
मलकपुर स्टेडियम में जिले की प्रतिभाओं को निखारने के लिए बीते वर्ष बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उसमें भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके, इसके लिए भी जिला खेल विभाग की ओर से शासन से कोच की मांग की गई है। वहीं, कुश्ती के कोच का भी जिले के पहलवान इंतजार कर रहे हैं। वहीं, पूर्व उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अनीता नागर के बरेली स्थानांतरण के बाद स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच का पद भी रिक्त हो गया है।
-
खिलाड़ियों को मिल रहा कबड्डी, जूडो, नेटबॉल, बॉक्सिंग का प्रशिक्षण
जिले में मलकपुर स्टेडियम का निर्माण वर्ष 2011 में शुरू हुआ था। वर्ष 2017 में यह बनकर तैयार हो गया था और जिला खेल विभाग को सुपुर्द कर दिया गया था। स्टेडियम में खिलाड़ियों को कबड्डी, जूडो, नेटबॉल, बॉक्सिंग का प्रशिक्षण मिल रहा है। बॉक्सिंग के खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी देने के लिए आउटडोर रिंग की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही एथलेटिक्स की तैयारियों के लिए शासन की ओर से स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का भी निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।