नोएडा। एलिवेटेड रोड (एमपी-2 मार्ग) पर वाहनों की गति सीमा के बोर्ड लगा दिए गए हैं। हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 60 और भारी वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित कर दी गई है। अब इसी आधार पर चालान काटे जाएंगे। विश्व भारती स्कूल से सेक्टर-61 तक बने 4.8 किमी लंबे एलिवेटेड रोड पर गति सीमा को लेकर अब तक असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। प्राधिकरण ने तीन अलग-अलग तरह के गति सूचक बोर्ड यहां लगाए हुए थे जो वाहन चालकों को भ्रमित कर रहे थे। अमर उजाला ने 7 फरवरी के अंक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद सभी बोर्ड हटवा दिए गए थे। वाहन चालकों की सहूलियत को ध्यान में रख फिर से बोर्ड लगवा दिए गए हैं। डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर अब वाहनों की गति सीमा 60 और 40 किलोमीटर प्रति घंटा तय कर दी गई है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कैमरों की नजर रहेगी।
जाम से परेशान रहे लोग
वहीं गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के जारी धरने की वजह से एनएच-9 के रास्ते दिल्ली जाने वालों का दबाव नोएडा की सड़कों पर बढ़ गया है। इसकी वजह से सोमवार को मॉडल टाउन गोल चक्कर पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। उधर, बेलगाम ऑटोवालों ने वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ा दी है। सोमवार को एलिवेटेड रोड, दिल्ली-नोएडा लिंक रोड, डीएनडी फ्लाईवे पर भी वाहनों की रफ्तार मंद रही। डीएनडी फ्लाईवे के लिंक रोड पर उतरने वाले लूप पर देर शाम तक जाम जैसे हालात बने रहे। इस वजह से आवाजाही करने वाले लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।