सचिवालय में आयोजित बैठक में रेखा गुप्ता ने दिए साफ-सफाई के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी के विभिन्न इलाकों में कूड़े के निपटान के लिए आधुनिक कम्पेक्टर लगाए जा रहे हैं। हरित कूड़े को निपटाने के लिए विशेष मशीनें लगाने का फैसला किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी को साफ-सुथरा बनाकर ही विकसित दिल्ली का सपना पूरा होगा। सड़कों के निर्माण को लेकर संबंधित विभागों की विशेष समिति भी बनाई जा रही है। हमारी प्राथमिकता यह होगी कि लोगों को कूड़ा डालने के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध कराए जाएं ताकि लोग जगह-जगह कूड़ा न डालें। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी दिल्ली में कूड़ेदान लगाने की व्यवस्था की जाए जहां भी टूटे हुए कूड़ेदान हैं उन्हें तुरंत बदला जाए। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जल्द ही अधिक क्षमता वाले कम्पेक्टर लगाए जाएंगे। इसके लिए डीडीए व डूसिब जमीन मुहैया कराएगा। हरित कूड़े का इस्तेमाल करने के लिए भी आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने विभागों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने की सलाह दी और कहा कि लोगों तक विभिन्न इलाकों के सफाई से पहले और सफाई के बाद की फोटो अपलोड की जाए। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि रोड कटिंग का मसला दिल्ली के लिए परेशानी बना हुआ है। सड़कों को बनाने के लिए आर्किटेक्ट को भी शामिल किया जाए। बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा, निगम आयुक्त अश्विनी कुमार के अलावा डीडीए, पीडब्ल्यूडी, डीएसआईआईडीसी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।