फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोएडा में सपा नेताओं को किया नजरबंद, ग्रेनो में हुआ प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। पंचायत चुनाव में हुई हिंसा और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन की तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने बुधवार रात को नजरबंद कर दिया। वहीं बृहस्पतिवार को डीएम कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन करने पहुंचे कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में ले लिया गया। नोएडा जोन से 62 सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सूरजपुर पुलिस लाइन भेज दिया गया। शाम को सभी को छोड़ दिया गया। पुलिस ने सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर महामारी अधिनियम व धारा-144 के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। इससे पहले प्रदर्शन को रोकने के लिए नोएडा जोन में अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह के नेतृत्व से पुलिस अधिकारियों की टीम मुस्तैद रही।
विज्ञापन

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी नेताओं को बृहस्पतिवार सुबह सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय किया था। प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने पार्टी के महानगर अध्यक्ष दीपक विग, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश यादव, भरत यादव, संजीव पुरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता शारदा, सोनिया शर्मा समेत अन्य नेताओं को नजरबंद कर दिया। इसके अलावा कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
वहीं नोएडा विधानसभा से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी पुलिस को चकमा देकर समर्थकों के साथ सेक्टर-27 के डीएम कैंप कार्यालय पहुंच गए। मौके पर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। यहां से 32 सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया।
विज्ञापन

रात को ही नेताओं के घर पहुंची पुलिस
पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश यादव ने बताया कि पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही थी। लेकिन बुधवार रात पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह उन्हें कोतवाली सेक्टर-49 ले जाया गया, जहां से पुलिस लाइन भेज दिया गया। इसी तरह सपा नेता भरत यादव के गढ़ी चौखंडी स्थित घर में नजरबंद किया गया। बृहस्पतिवार को उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
‘सपा नेताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या’
सपा के जिला प्रवक्ता कुंवर बिलाल बर्नी ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में प्रदेश सरकार ने तानाशाही और धांधली की हदें पार कर दी थीं। अब पुलिस प्रशासन इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन तक नहीं करने दे रही है। सपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है यह लोकतंत्र की हत्या है।
शहर में अलग-अलग स्थानों पर धारा-144 का उल्लंघन करने वाले 62 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा गया था। वहीं कुछ सपा नेताओं ने पुलिस अधिकारियों को अपनी मांग पत्र का ज्ञापन सौंपा है।- रणविजय सिंह, एडीसीपी
तीन तहसीलों पर सपाइयों का प्रदर्शन, दादरी में केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा/दादरी/जेवर। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को सदर, दादरी और जेवर तीनों तहसीलों पर प्रदर्शन किया। सपाइयों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में धांधली का आरोप, बढ़ती महंगाई, महिला अपराध आदि को लेकर जमकर प्रदर्शन और नारेेबाजी की। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष बीर सिंह यादव ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्षों एवं ब्लॉक प्रमुखों के भाजपा सरकार द्वारा सत्ता का दुरुपयोग करते हुए धांधली की गई है। प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि जनविरोधी नीति एवं तानाशाही के कारण आज आज प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और चारों तरफ जंगलराज कायम है। पूर्व जिलाध्यक्ष फकीर चंद नागर ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। जेवर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र नागर ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र और प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दीपक नागर ने बताया कि उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेने का प्रयास किया लेकिन वह चकमा देकर प्रदर्शन में शामिल हुए। ब्यूरो
कई नेताओं पर केस दर्ज, कई नजरबंद
प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने कोरोना प्रोटोकॉल का भी उल्लंघन किया। दादरी कोतवाली पुलिस ने जिलाध्यक्ष बीर सिंह यादव, जिला महासचिव श्याम सिंह भाटी, इंदर पूर्व प्रधान, कुलदीप भाटी, विकास शर्मा, दीपक, राजकुमार भाटी व अन्य पर केस दर्ज किया। वहीं, पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई नेताओं को नजरबंद किया। पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष व उनके साथियों को सुबह हिरासत में लेने के बाद शाम को छोड़ा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें