नोएडा। कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के लिए प्रचार करने रविवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नोएडा पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश चुनाव में पार्टियां विकास नहीं, धर्म-जाति को प्राथमिकता दे रही हैं। समाजवादी पार्टी जातिगत व भाजपा धर्म की राजनीति कर रही है।
बघेल सबसे पहले बिशनपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां पंखुड़ी, अनिल यादव और महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों के साथ चुनाव में उतरी है। महिला, युवा, किसान सभी वर्गों के हित में कांग्रेस कार्य करेगी। यूपी में हुए गठबंधन भरभराकर गिर रहे हैं। अखिलेश यादव भ्रम में जी रहे हैं। साढ़े चार साल तक वे कहीं नहीं निकले अब चुनाव है तो जनता के बीच आए हैं। राज्य में महिलाओं को कांग्रेस समुचित भागेदारी देगी। प्रियंका गांधी ने 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट में आरक्षण देने का वादा निभाया है। हम जनता के मुद्दों पर आधारित प्रतिज्ञाएं ले रहे हैं, लेकिन अन्य पार्टियां जनता के मुद्दों की बात नहीं कर रही हैं। कांग्रेस ही किसान, युवा, बेरोजगार, व्यापारी, महिलाओं, दिव्यांग, दलित व आम जनता की बात कर रही है।
मंदिर में दर्शन कर शुरू किया प्रचार
बघेल ने बिशनपुरा गांव में शिव मंदिर के दर्शन कर प्रचार शुरू किया। उन्होंने घर-घर जाकर जनता से विकास के लिए कांग्रेस को वोट देने की अपील की। साथ ही, लोगों को भाजपा व सपा पर भरोसा न करने की सलाह दी। बिशनपुरा के बाद उन्होंने चौड़ा, बरोला, सोहरखा, बहलोलपुर में पंखुड़ी के लिए प्रचार किया। उन्होंने लोगों से मंहगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा के मुद्दों पर बात की। साथ ही, उन्होंने कार्यकर्ताओं से कोविड नियमों का पालन करते हुए जनसंपर्क करने की अपील की। इस दौरान सेक्टर-58 थाना एसएचओ विनोद कुमार टीम के साथ घेराबंदी कर कोविड गाइडलाइन का पालन करवाने के लिए लगातार सक्रिय रहे। पुलिस ने वीडियोग्राफी भी करवाई। कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर रोक दिया गया।