हिसार। भाजपा नेता व टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट की मौत मामले में गोवा की अदालत ने आरोपी सुखविंदर सिंह को विदेश जाने की इजाजत दे दी है। अदालत ने सुखविंदर का पासपोर्ट लौटाने के आदेश दिए हैं। इस मामले में अब अगली सुनवाई 24 सितंबर को होगी। गोवा जिला अदालत में चल रहे सोनाली फोगाट मौत मामले में वीरवार को सुनवाई में यह आदेश दिए गए।
सुखविंदर के वकील सुखवंत सिंह दांगी ने उसका पक्ष रखा। सुखवंत सिंह दांगी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कोर्ट ने सभी पक्षों को देखते हुए सुखविंदर को विदेश जाने की इजाजत दी है। सुखविंदर 9 से 13 सितंबर तक इंडोनेशिया के बाली जाना चाहता है। इसके बाद 17 सितंबर तक चंगू रहेगा। 17 सितंबर के बाद वह उलुवातू जाएगा। जहां वह 22 सितंबर तक रुकेगा। 23 सितंबर को वह वापस इंडिया आएगा। इस टूर से लौटने के बाद उसे तत्काल पासपोर्ट सीबीआई को फिर से हैंडओवर करना होगा। कोर्ट ने उसे 23 सितंबर तक वापस लौटने के लिए कहा है, ताकि 24 सितंबर को मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में उपस्थित रह सके। 24 सितंबर को दोपहर 2.30 से पहले कोर्ट में उपस्थित होना है। सुखविंदर ने कोर्ट में कहा है कि वह 24 सितंबर को कोर्ट में पहुंच जाएगा। सोनाली फोगाट के भाई रिंकू ने बताया कि हम तो 2 साल से सोनाली की गाड़ियां मांग रहे हैं, उस पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
-
यह था पूरा मामला
सोनाली फोगाट 2022 में 22 से 25 अगस्त के लिए गोवा टूर पर गई थीं। उनके साथ उनका दोस्त सुखविंदर सिंह और पीए सुधीर सांगवान था। 22 अगस्त को सुबह सोनाली और सुधीर गोवा पहुंचे। रात को तीनों एक डिस्को में गए। सोनाली के साथ सुधीर और उनका फ्रेंड सुखविंदर भी था। होटल में सोनाली की तबीयत बिगड़ने पर सुधीर-सुखविंदर सोनाली को होटल ले गए। 23 अगस्त की सुबह सोनाली की मौत हो गई थी। सोनाली के भाई रिंकू ढाका और जीजा अमन पूनिया गोवा पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी के लिए सोनाली की हत्या हुई है। सोनाली फोगाट की मौत का मामला हाईप्रोफाइल बन गया। भाई के आरोप के बाद गोवा पुलिस ने सुधीर-सुखविंदर समेत 5 लोगों पर मर्डर का केस दर्ज कर लिया। 25 अगस्त को सुधीर-सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया गया। परिवार की मांग पर यह मामला सीबीआई को सौंपा गया था।