ग्रेटर नोएडा। दिल्ली के निजी अस्पताल में कोरोना का उपचार करा रहे बेटे को संक्रमण से पिता की मौत सूचना मिली तो वह टूट गया। अस्पताल से किसी तरह चार घंटे की छुट्टी लेकर बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे ग्रेनो स्थित शारदा अस्पताल पहुंचा।
उसका आरोप है कि अस्पताल से मृत प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। इस कारण वह पिता का अंतिम संस्कार नहीं कर पाया। ऐसे में उसे दिल्ली लौटना पड़ा। अब शुक्रवार को आकर पिता का अंतिम संस्कार करेगा।
इंजीनियर शुभम सरकार पिता अपूर्व सरकार (67) के साथ ग्रेनो वेस्ट की ईको विलेज वन सोसाइटी में रहते हैं। शुभम कोरोना संक्रमित होने के बाद रविवार से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, घर पर अकेले रह रहे पिता भी मंगलवार को संक्रमित हो गए।
उनका ऑक्सीजन स्तर काफी कम हो गया। नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि शुभम ने फोन कर पिता की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम से नोएडा के कोविड और फिर शारदा में भर्ती कराने का प्रयास किया, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।