-सुपरटेक इकोविलेज एक सोसाइटी का मामला, निवासी पूरे दिन रहे परेशान
सुरक्षाकर्मियों व हाउसकीपिंग ने लगाया दो माह से वेतन न मिलने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इकोविलेज एक सोसायटी के सुरक्षाकर्मियों और हाउसकीपिंग स्टाफ मंगलवार को हड़ताल पर चले गए। उनका आरोप है कि दो महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने सोसायटी के मुख्य द्वार पर हड़ताल कर हंगामा किया। उनका आरोप है कि वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि सोसायटी की पुरानी मेंटेनेंस एजेंसी ग्रैविटी की ओर से लगातार वादे किए गए, लेकिन वेतन आज तक नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में 10 अगस्त देर रात को लोगों ने पानी की किल्लत से परेशान होकर रोड जाम करते हुए प्रदर्शन किया था, जिसको देखते हुए देर रात को ही बिल्डर द्वारा एक मेल जारी कर पुरानी मेंटेनेंस एजेंसी ग्रेविटी को हटाकर नई एजेंसी वाईजी स्टेट को रखा गया, लेकिन पुरानी एजेंसी द्वारा सुरक्षा कर्मी और सफाई कर्मियों को वेतन नहीं दिया गया है। सफाई और सुरक्षाकर्मी का करीब 2 महीने का वेतन रुका हुआ है। इन्हीं समस्याओं को लेकर सफाई और सुरक्षाकर्मी मंगलवार सुबह आठ बजे परिसर में एकत्रित हुए और उन्होंने सोसाइटी के तीनों गेट को बंद कर हड़ताल पर बैठ गए। पुलिस के काफी समझाने के बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा दो गेटों को खोला गया। पुलिस कर्मियों के समझाने और बिल्डर से आश्वासन मिलने के बाद सुरक्षाकर्मी ने दोपहर करीब दो बजे हड़ताल से वापस लौटे।
घर का किराया देना हो रहा मुश्किल
सुरक्षाकर्मी अजय सिंह ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण घर का किराया देना मुश्किल हो रहा है। बच्चों की फीस दूसरों से लेकर भरी है। दो महीने से सैलरी नहीं मिली है। ऊपर से कोई ठोस जवाब भी नहीं दिया जा रहा। ऐसे में ड्यूटी कर परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।