नियोक्ता और कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा, लंबित विवादों का होगा समाधान
कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने स्प्री (एसपीआरईई) योजना और एमनेस्टी स्कीम लागू की
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने स्प्री (एसपीआरईई) योजना और एमनेस्टी स्कीम लागू की है, जिनका उद्देश्य अधिक से अधिक नियोक्ताओं और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा कवरेज में लाना व लंबित विधिक विवादों का समाधान सुनिश्चित करना है।
नोएडा उप क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त निदेशक प्रभारी नरेंद्र मोहन ओझा ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक नियोक्ताओं को ईएसआईसी के अंतर्गत पंजीकृत कराना है, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके। इस योजना के तहत नियोक्ताओं को कई विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अंतर्गत स्व-घोषणा आधारित पंजीकरण तिथि की सुविधा है। इसके अलावा 100% डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया होगी। कर्मचारियों को इस योजना के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा, बीमारी, मातृत्व और विकलांगता जैसे मामलों में नकद लाभ, साथ ही कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम, 1948 के तहत दीर्घकालिक सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी। वहीं, एमनेस्टी स्कीम का लक्ष्य न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या को कम करना, हितधारकों का विश्वास बढ़ाना और ईएसआईसी की छवि को मजबूत करना है। योजना में विवादित योगदान पर रिकॉर्ड के आधार पर ब्याज सहित भुगतान से समाधान होगा। गलत घोषणा पर बीमित व्यक्ति से अतिरिक्त भुगतान की वापसी में छूट होगी।