नोएडा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ड्रग्स तस्करी में शामिल शुभम कुमार को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्कर के कब्जे से लगभग 1.5 करोड़ रुपये कीमती तीन किलोग्राम चरस बरामद हुई।
नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपये कीमत की तीन किलोग्राम चरस के साथ एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्तूबर को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी क्रम में मिली सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने ड्रग्स तस्करी में लिप्त अभियुक्त शुभम कुमार पुत्र राकेश कुमार को सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास से दबोच लिया। तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से लगभग 1.5 करोड़ रुपये कीमती तीन किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
गिरफ्तार अभियुक्त शुभम कुमार से जब पूछताछ की गई तो उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अपने साथी वैभव के साथ मिलकर पहाड़ी इलाकों से भारी मात्रा में सस्ती चरस खरीदता है। इसके बाद, वे दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर इसे बेचकर मोटा मुनाफा कमाते हैं। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि वह इस अवैध कमाई को शेयर मार्केट में निवेश कर शीघ्र अमीर बनने का सपना देखता है, जिसके चलते वह ऐसे अपराधों को अंजाम दे रहा है।
विज्ञापन
शुभम कुमार ने बताया कि वह अपने साथी वैभव के कहने पर ही पहली बार ड्रग्स (चरस) की सप्लाई के लिए नोएडा आया था। पुलिस अब अभियुक्त वैभव के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है और उसके खिलाफ भी आवश्यक विधिक कार्रवाई करने की तैयारी में है।