उपराज्यपाल ने किया शुभारंभ, यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना उद्देश्य
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शनिवार सुबह आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-तीन पर स्मार्ट पुलिस बूथ का शुभारंभ किया। इसकी स्थापना यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने और नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। अत्याधुनिक सुविधा वाले बूथ को पुलिस ने जीएमआर के सहयोग से स्थापित किया है।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा में तत्पर है। पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्मार्ट बूथ बनाया है। एयरपोर्ट पर प्रतिदिन दो लाख यात्री आते हैं जो कभी न कभी किसी तकलीफ में फंस जाते हैं। ऐसे लोगों के लिए स्मार्ट बूथ काफी मददगार साबित होगा। वहीं, पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने बूथ की उन्नत तकनीकी विशेषताओं और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया और स्मार्ट पुलिसिंग के विजन को साकार करती है। विशेष पुलिस आयुक्त राबिन हिब्बू ने भी इस पहल को जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम करने वाला कदम बताया। इस दौरान ट्रांसपोर्ट परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह और डायल के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार मौजूद रहे। आईजीआई एयरपोर्ट की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि बूथ में एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों की जानकारी जैसे पर्यटक स्थल, परिवहन व अस्पतालों के विवरण उपलब्ध हैं। इस मौके पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने वाली दो प्रशिक्षकों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
बूथ में मिलने वाली सुविधाएं
- उड़ान विवरण, सुरक्षा अलर्ट और आपातकालीन संपर्क
- ई-एफआइआर, खोए हुए सामान व लापता होने के रिपोर्ट की सुविधा
- प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की मौजूदगी
- 200 से अधिक सीसीटीवी, वाई-फाई, कंप्यूटर और इंटरैक्टिव पैनल