सर्दियों में बढ़े त्वचा रोगी, आरोग्य मेले में बढ़ी भीड़
नोएडा। सर्दियों में त्वचा रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। रविवार को जिले के 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर मुख्यमंत्री जन अरोग्य मेले में सबसे अधिक 650 त्वचा रोगी पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि वायु प्रदूषण की वजह से समस्या बढ़ी है। वहीं, सांस रोगियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। आरोग्य मेले में कुल 2,612 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। कोरोना काल में लॉकडाउन के बाद शासन के निर्देश पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला शुरू हुआ है। 18 ग्रामीण व 15 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 70 चिकित्सकों समेत 200 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों का उपचार किया।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि आरोग्य मेले में 1,135 पुरुष व 1,035 महिलाओं ने पंजीकरण कराया, इसके अलावा 442 बच्चे पहुंचे। 624 श्वांस रोगियों ने इलाज कराया। हृदय रोगियों की संख्या 369, रक्तचाप के 80 और मधुमेह के 94 मरीज स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 440 संदिग्धों की कोरोना जांच की, इनमें 10 संक्रमित मिले। उधर, आयुष्मान योजना के तहत 111 पात्र लाभार्थियों के गोल्डन क ार्ड बनाए गए हैं। सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि आरोग्य मेले में सभी प्रकार के मरीज उपचार कराने पहुंच रहे हैं। सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मरीज व तीमारदारों को दी जाती है।