सीबीएसई स्कूलों में कुकिंग से सीख रहे जीवन कौशल, नेशनल प्रतियोगिता तक पहुंचेगी छात्रों की प्रतिभा
नंबर गेम - 13 अगस्त को आयोजित होगी प्रतियोगता
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शिक्षा व्यवस्था अब केवल रटने और क्लासरूम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें जीवन कौशल से जोड़ा जा रहा है। यूपी बोर्ड के लर्निंग बाय डूइंग प्रोजेक्ट की तर्ज पर अब सीबीएसई स्कूलों में भी कुकिंग जैसी व्यावहारिक गतिविधियां शुरू की गई हैं। इस अनूठी पहल का उद्देश्य बच्चों में विषयों की किताबी जानकारी बढ़ाने के साथ-साथ रचनात्मक सोच, टीमवर्क और समय प्रबंधन जैसे गुण विकसित करना है। जहां यूपी बोर्ड के छात्र पहले से ही एलईडी टॉर्च, सोलर कुकर और दही-लस्सी बनाना सीख रहे हैं, वहीं अब सीबीएसई के बच्चे भी रसोई के गुर सीखकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएंगे।
सीबीएसई की ओर से स्कूलों को कुकिंग विदाउट फायर और कुकिंग विद फायर प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिए सर्कुलर जारी किया गया था। कक्षा छह से आठ और नौ के छात्रों के लिए बिना आग के खाना बनाने की गतिविधि होगी, जबकि कक्षा नौ से 12 तक के छात्र आग के साथ कुकिंग प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। स्कूल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को रीजनल और इसके बाद नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।
अलग-अलग व्यंजन बनाकर दिखाई रचनात्मकता
मॉडर्न स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. नीरज अवस्थी ने बताया कि स्कूल में कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा चुकी है। चयनित छात्रों के नाम और बनाई गई चीजें सीबीएसई की ओर से उपलब्ध कराए गए लिंक पर भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा के अनुसार गतिविधियां निर्धारित की गई थीं। छात्रों ने अलग-अलग व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता दिखाई। वहीं, प्रॉमिनेंस वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. मृणालिनी ने बताया कि कुकिंग जैसी गतिविधियां बच्चों के अंदर कई तरह के कौशल विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में रेस्टोरेंट और कैफे इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में शुरुआती स्तर पर छात्रों को इस तरह की गतिविधियों से जोड़ना उनकी प्रतिभा को नया मंच देगा। उन्होंने बताया कि उनके स्कूल में 13 अगस्त को प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित दो टीमों को सीबीएसई स्तर पर भेजा जाएगा। इसके बाद रीजनल और नेशनल स्तर पर प्रतियोगिता होगी। हालांकि इसे आयोजित करना स्कूलों की इच्छा पर भी निर्भर करेगा।