12 पदकों के साथ लव्यांश विश्व स्केटिंग में दूसरे स्थान पर काबिज
- वर्ल्ड रोलर स्केट के तत्वावधान में जर्मनी, स्पेन, पुर्तगाल में आयोजित प्रतियोगिता में हुए शामिल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मलकपुर गांव स्थित ग्रेटर नोएडा बैंकट्रैक पर अभ्यास करने वाले 14 वर्षीय रोलर स्केटिंग खिलाड़ी लव्यांश पांडेय ने वर्ल्ड रोलर स्केटिंग फेडरेशन के यूरोपियन कप टूर्नामेंट में अलग-अल चार कैटेगरी में प्रतिभाग करते हुए कुल 12 पदक अपने नाम करने में सफल रहे। इनके कुल प्रदर्शन के आधार पर विश्व रैंकिंग में भी दूसरा स्थान प्राप्त किया है। 14 वर्षीय लव्यांश पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय एनएफसी विज्ञान विहार दिल्ली में 9वीं कक्षा के छात्र हैं।
लव्यांश के पिता तारा दत्त पांडेय ने बताया कि वर्ल्ड रोलर स्केटिंग फेडरेशन के तत्वाववधान में अलग-अलग देशों में कुल 9 रोलर स्केटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। चार प्रतियोगिताओं में लव्यांश ने भागीदारी की। इन प्रतियोगिताओं में उन्होंने कुल 5 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि यूरोपियन कप रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ स्पेन के गिजोन में 22 मार्च को हुआ था। यहां 24 मार्च तक आयोजित रोलर स्केटिंग में लव्यांश ने दो स्वर्ण व एक रजत पदक हासिल किया। इसके कारण उनके रैंंकिंग में सुधार देखने को मिला। वह इस प्रतियोगिता में पहले पायदान पर पहुंच गए। हालांकि दूसरे चरण के तहत पुर्तगाल में आयोजित 5 से 7 अप्रैल के बीच टेरास डू इनफैंटे में चार पदकों दो स्वर्ण व दो रजत के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए। इसके बाद तीसरे चरण के तहत जर्मनी की एरिना गीसिंगेन इंटरनेशनल में 18 से 21 अप्रैल के बीच आयोजित प्रतियोगिता में एक स्वर्ण से संतोष करना पड़ा। हालांकि यहां स्वर्ण के साथ देश को जीत दिलाकर इतिहास रचने में सफल रहे। जर्मनी में रोलर स्केटिंग के इतिहास में पहली बार किसी खिलाड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं, चौथे चरण के तहत जर्मनी के ही ग्रॉस गैरो में आयोजित स्केटिंग प्रतियोगिता में वापसी की पुरजोर तरीके से कोशिश की, लेकिन यहां वह स्वर्ण जीतने से फिसल गए, हालांकि एक रजत पदक और तीन कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। इस तरह से प्रतियोगिता के चारों चरणों के दौरान कुल 5 स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर बरकरार रहे।