स्केटर लव्यांश ने पुर्तगाल में लहराया तिरंगा, जीता स्वर्ण
- पांच से सात अप्रैल तक आयोजित हो रही यूरोपियन स्केटिंग कप में कर रहे हैं भागीदारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पुर्तगाल में आयोजित यूरोपियन कप स्केटिंग प्रतियोगिता में 15 वर्षीय स्केटिंग खिलाड़ी लव्यांश पांडेय ने स्वर्ण व रजत पदक जीत कर कमाल दिखाया है। विभिन्न देशों के खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए लव्यांश ने अंतिम व 25वें लैप को महज आठ मिनट 7 सेकेंड में पूरा किया।
पुर्तगाल में पांच से सात अप्रैल तक 19वें टेरास डू इंफेंट इनलाइन स्पीड स्केटिंग यूरोपियन कप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सेक्टर-143बी स्थित आओ जियो बैंक ट्रैक अकादमी के खिलाड़ी लव्यांश ने भागीदारी की। कोच सौरभ कुमार ने बताया कि उन्होंने 500 मीटर डिस्टेंस कैटेगरी में रजत पदक और 5 हजार मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भी वह प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर चुके हैं। लव्यांश पांच साल की उम्र से ही स्केटिंग सीख रहे हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की थी। सुबह चार बजे से ही ट्रैक पर अभ्यास करने आ जाते थे। शाम को भी देर तक अभ्यास में जुटे रहते थे।