संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए शुक्रवार को सूरजपुर में जिला स्तरीय कुश्ती ट्रायल हुए। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह पहलवानों का चयन मेरठ में आयोजित होने वाले मंडलीय ट्रायल के लिए हुआ हैं। मंडलीय ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करने पर पहलवान प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में दम भरते हुए नजर आएंगे।
मुरादाबाद स्थित क्षेत्रीय खेल कार्यालय में 28 से 30 जनवरी तक सीनियर पुरुष वर्ग में राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए जिला स्तरीय कुश्ती के ट्रायल में फ्री स्टाइल वर्ग में 57 किग्रा में आशीष कुमार, 61 किग्रा में अंकित, 79 किग्रा में हंस नागर, 86 किग्रा में विशाल नागर, 92 किग्रा में तुषार और ग्रीको रोमन स्टाइल में 87 किग्रा में विकास भाटी ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि चयनित पहलवान 24 जनवरी को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में शामिल होंगे। जिला स्तरीय ट्रायल प्रशिक्षक अंजूम मलिक की देखरेख में हुए।