जेवर (संवाद)। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के छह चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दिल्ली, हरियाणा व जेवर से चोरी की गईं चार बाइक, तीन तमंचे और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि जेवर के साहबनगर निवासी हिस्ट्रीशीटर धर्मवीर सिंह उर्फ गब्बर, नीरज, कनीगढ़ी निवासी सोनू व विजय, ग्राम रन्हेरा निवासी सागर, कुरेब निवासी सुभाष को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी जेवर के अलावा दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाके में भी वाहनों की चोरी करते थे। इसके बाद आसपास के गांव में कम कीमत पर बेच देते थे। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
बंद फ्लैटों में चोरी करने वाले चार दबोचे
ग्रेनो वेस्ट में बंद फ्लैटों में चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को बिसरख कोतवाली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गाजियाबाद के बिहारीपुरा सुदामापुरी निवासी इरफान उर्फ मन्नान, फुरकान, आकाश उर्फ बग्गा और प्रिंस उर्फ टिंडू के रूप में हुई। आरोपियों से एक एलईडी, 3 मोबाइल व 2500 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। आरोपी रेकी करने के बाद बंद फ्लैटों में चोरी करते थे। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि फ्लैटों में चोरी करने वाले गिरोह के बदमाश रेकी के लिए घूम रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने सीआर गार्डन के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ विजय नगर समेत विभिन्न थानों में तीन केस दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गैंग में अन्य बदमाश भी शामिल हैं।
अवैध निर्माण की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बिसरख कोतवाली क्षेत्र के ग्रेनो वेस्ट में स्थगनादेश के बावजूद एक बिल्डिंग के निर्माण का आरोप लगाते हुए ट्वीट कर पुलिस से शिकायत की गई है। मामले का संज्ञान लेते हुए बिसरख पुलिस ने मौके पर पुलिस टीम भेजी। एसीपी का कहना है कि टीम के मौके पर पहुंची तो निर्माण कार्य बंद था। इस संबंध में ट्विटर पर वायरल हो रहे वीडियो में कहा जा रहा है कि बिल्डिंग के मालिक को चेतावनी दी जा चुकी है। इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं रोका जा रहा। स्टे होने के बाद भी यहां निर्माण कार्य शुरू है। यहां ग्रीन मैट लगाकर दीवार खड़ी की जा रही है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है।