- सैनफोर्ट वर्ल्ड स्कूल में पांच दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर खो-खो चैंपियनशिप का समापन
- अंडर-14, 17 व 19 वर्ग की विजेता और उपविजेता टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से सेक्टर ओमेगा-1 स्थित सैनफोर्ट वर्ल्ड स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय नॉर्थ जोन-1 सीबीएसई क्लस्टर बालक खो-खो चैंपियनशिप का रविवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। अंडर-14, 17 और 19 वर्ग में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमें राष्ट्रीय स्तर पर नॉर्थ जोन-1 का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और जिलों के विद्यालयों की टीमों ने तीनों आयु वर्गों में हिस्सा लिया। पांच दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में सेंट मीरा अकादमी, भोगपुर, मुरादाबाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल, आगरा दूसरे और देहरादून पब्लिक स्कूल, गोविंदपुरम तीसरे पर रहा। सेंट सीएफ एंड्रयू को चौथा स्थान मिला। अंडर-17 वर्ग में एमएल पब्लिक स्कूल विजेता बना। ग्रीन मेडोज स्कूल, मुरादाबाद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। एसएमएस पुट्टा मेमोरियल तीसरे और सिद्धार्थ पीएस, राजीव नगर चौथे स्थान पर रहा। अंडर-19 वर्ग में बीबीएस शिशु मंदिर, मेरठ ने बाजी मारी। नारायण इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस दूसरे और एलीट न्यूजनरेशन तीसरे स्थान पर रहा। इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल को चौथा स्थान मिला। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सैनफोर्ट ग्रुप ऑफ स्कूल्स के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. एसके राठौर, संस्थापक सदस्य कविता राठौर, सीओओ अभिषेक राठौर, स्कूल के निदेशक क्षितिज खंडेलवाल और प्रधानाचार्या इंदु कोहली मौजूद रहीं।