हैदराबाद में एक स्वर्ण समेत नौ पदक जीते, यूपी की टीम का किया प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के छह खिलाड़ियों ने हैदराबाद में आयोजित आरएसएफआई राष्ट्रीय रोप स्किपिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए एक स्वर्ण सहित नौ पदक जीते। खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ था।
हैदराबाद के आरआरसी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 28 से 30 नवंबर तक हुई 26वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंडर-17 बालिका वर्ग में यश्वी मावी ने एक स्वर्ण व एक रजत, योग्या वर्मा ने एक रजत, गनिका महाजन ने दो रजत और अनिका शाक्य ने एक रजत व एक कांस्य पदक जीता। अंडर-17 बालक वर्ग में युवराज शर्मा ने एक रजत व एक कांस्य और अंडर-14 में देवज वशिष्ठ ने कांस्य पदक हासिल किया। सभी खिलाड़ी सेक्टर स्वर्ण नगरी स्थित जेपी पब्लिक स्कूल की रोप स्किपिंग अकादमी में कोच सुनील ठाकुर से प्रशिक्षण लेते हैं।
-
प्रधानाचार्य ने दी बधाई
स्कूल की स्पोर्ट्स एचओडी नीरज सिंह ने बताया कि छह खिलाड़ियों द्वारा पदक जीतने पर जिला व स्कूल में खुशी है। प्रधानाचार्य मीता भंडुला ने खिलाड़ियों, अभिभावकों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर छात्रों ने विद्यालय व जिले का नाम रोशन किया है।