कोर्ट के आदेश पर चार बच्चों समेत छह पर मारपीट का मामला दर्ज
बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र की डिवाइस सोसाइटी में एक जनवरी को मारपीट का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। डिवाइस सोसाइटी निवासी महिला ने कोर्ट के आदेश पर चार बाल अपचारी और दंपती के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपी बाल अपचारी ने पहले उसके पोते व दोस्तों के साथ मारपीट की। जब उन्होंने इसकी शिकायत बच्चों के परिजनों से की तो उन्होंने भी उनके साथ मारपीट की।
शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करने की जगह उन्हीें के खिलाफ केस दर्ज कर दिया। परेशान होकर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। डिवाइस सोसाइटी निवासी महिला देवी ने मामला दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि एक जनवरी को उसके 5 साल के पोते का जन्मदिन था। 10 साल का बड़ा पोता शाम को सात बजे अपने दोस्तों को बुलाकर लिफ्ट से उतकर वापस आ रहा था। तभी आरोपी पक्ष के चार बच्चों ने उसके पोते को लात घूंसों से बेरहमी से पीटा। किसी बच्चे ने घर पर आकर इसकी जानकारी दी। जिसके बाद वो लोग आरोपी बच्चे के घर पर पहुंचे और आरोपी महिला रेखा से उनके बच्चों की शिकायत की। आरोप है कि इस पर आरोपी महिला व उसके बच्चे क्रिकेट बैट व लोहे का पाइप लेकर मारने के लिए दौड़े। आरोपियों ने गाली गलौज कर उनके साथ धक्का मुक्की कर मारपीट की। जिसमें उसकी बहु व पोते को चोटें आई हैं। आरोप है कि पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने समझौता करने की बात कहकर घर भेज दिया लेकिन बाद में पुलिस ने आरोपियों की शिकायत पर उनके दामाद व बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। जबकि घटना के समय वो मौके पर भी नहीं थे। घटना सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पुलिस से मदद नहीं मिलने के बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने दंपती रेखा व सुभाष के अलावा चार बाल अपचारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।