ताऊ-भतीजा हत्याकांड: 14 दिन बाद मृतक दिपांशु की बहन की शादी गमगीन माहौल होगी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सैंथली गांव में ताऊ-भतीजे की गोली हत्या के 14 दिन बाद रविवार को मृतक दिपांशु की बहन की शादी गमगीन माहौल होगी। न शहनाई बजेगी और न बैंड बाजा व डीजे।दोनों परिवारों के चुनिंदा रिश्तेदार आएंगे। शादी की दावत भी नहीं होगी। शादी से एक दिन पहले भी घर में सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी रस्म बिना किसी सजावट और जश्न के पूरी कराई गईं। रविवार को शाम के वक्त लड़का पक्ष के सिर्फ चार लोग ही बारात लेकर आएंगे। किसी काे न्यौता भी नहीं भेजा गया है। फेरों के बाद सादगी से ही बहन की विदाई हो जाएगी। एक परिजन ने बताया कि कहां पूरे धूमधाम से शादी होने वाली थी। गेस्ट हाउस बुक किया गया था। लड़की को उपहार में देने के लिए जरूरी सामान भी खरीद लिया गया था।
तीन आरोपी कोर्ट में किए सरेंडर, एक गिरफ्तार, एक फरार
सैंथली गांव में ताऊ-भतीजा हत्याकांड में आरोपियों के कोर्ट में सरेंडर करने के बाद से परिजनों में नाराजगी है। मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी ने 25 अक्तूबर को बुलंदशहर व गैंगस्टर मनोज नागर ने 28 अक्तूबर को गाजियाबाद कोर्ट में सरेंडर किया था। सचिन गुर्जर और बॉबी तोंगड़ उर्फ पहलवान 30 अक्तूबर को अलीगढ़ कोर्ट में सरेंडर के लिए पहुंचे थे। जहां से सचिन को जारचा कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया था। बॉबी तोंगड़ कोर्ट में सरेंडर करने में कामयाब रहा था। मामले में जितेंद्र भाटी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
गांव में रौब झाड़ता था आरोपी
परिजन का कहना है कि आरोपी प्रिंस के माता-पिता की मौत हो चुकी है। पत्नी भी आरोपी से अलग रहती है। कुछ माह पूर्व ही आरोपी को प्राधिकरण से करीब पांच बीघा जमीन का अधिग्रहण करने पर मुआवजा दो करोड़ से अधिक मिला था। उसके बाद से आरोपी गांव खूब रौब झाड़ता था। उसका भाई जितेंद्र आए दिन शराब पीकर ग्रामीणों से विवाद करता था। मृतक के परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी प्रिंस ने मुआवजे के इन्हीं पैसों की बदौलत ही अलीगढ़ में सरेंडर करने में भी कामयाब रहा है।