बिस्कोहर। भारत के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की उत्तराखंड में हुए दीक्षांत समारोह में नगर पंचायत बिस्कोहर निवासी व्यापारी प्रदीप उर्फ पन्नालाल गुप्ता के बेटे प्रिंस गुप्ता ने एमटेक जिओ टेक्निकल इंजीनियरिंग में टॉप किया है। इस उपलब्धि पर उन्हें भारत सरकार के ऊर्जा विभाग के सचिव पंकज अग्रवाल और केंद्रीय मंत्री विज्ञान व प्रौद्योगिकी जितेंद्र सिंह ने शनिवार को रुड़की में गोल्ड मेडल, उपाधि व ताराचंद कांति देवी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुरस्कार मिलने पर बिस्कोहर नगर के व्यापारियों में खुशी की लहर छ गई। क्षेत्र में प्रिंस के सफलता से लोगों में हर्ष है। रविवार को नगर के व्यापारी अरविंद गुप्ता, राजू गुप्ता, प्रभात जायसवाल, परशुराम गुप्ता, सभासद निरपेंद्र सिंह, उमाकांत गुप्ता, अंजलि गुप्ता, राकेश मिश्रा , अंकित सिंह आदि प्रिंस गुप्ता के घर पहुंच गए और उनके पिता से मिलकर खुशी का इजहार किया। प्रिंस गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा बिस्कोहर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नावडीह से तथा कक्षा छठी से 10वीं तक की शिक्षा नवोदय विद्यालय बांसी से हुई। इंटरमीडिएट की शिक्षा संत मौनी दास विद्यालय बिशनपुर हरि से हुई है। प्रिंस गुप्ता ने बीटेक सिविल इंजीनियरिंग जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से किया उसके बाद एमटेक जिओ टेक्निकल इंजीनियरिंग करने के लिए आईआईटी रुड़की गए।आईआईटी रुड़की से ही इन्हें इंटर्नशिप करने के लिए जर्मनी भेजा गया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान अर्बन से ही इनका कैंपस सेलेक्शन रिलायंस (न्यू एनर्जी) में मैनेजर के पद पर नवी मुंबई में हुआ। प्रिंस ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुओं को दिया है।