भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के 24 गांवों में शुक्रवार को छाया एकीकृत टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। शिविर में 319 बच्चों के टीकाकरण के साथ ही 136 गर्भवतियों का प्रसव पूर्व जांच व टीकाकरण किया गया।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने ग्राम गंगापुर, सेखुई सेनापति तथा बिशुनपुर औरंगाबाद पहुंचकर टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया।अधीक्षक ने एएनएम के कार्यों का भौतिक सत्यापन किया और अपडेटेड ड्यू लिस्ट, लोजिस्टिक व सभी रजिस्टर को चेक किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान कम से कम चार बार टीकाकरण सत्र पर एएनएम के द्वारा बीपी, शुगर, वजन, हीमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस व पेट आदि जांचें कराने के लिए प्रेरित किया।
अधीक्षक ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान का आयोजन प्रत्येक माह के 1, 9, 16 तथा 24 तारीख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जाता है। इस आयोजन के दौरान गर्भवतियों को चिकित्सीय सलाह व इलाज तथा निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी जाती है।
बीसीपीएम तथा बीएमसी सूर्यदेव सिंह ने एएनएम व आशा बहू से कहा कि प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से वैक्सीन का लाभ न लेने वाले परिवार के घर जाकर वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान विमल गुप्ता, आख्या पांडेय, शालिनी सिंह, सावित्री, लक्ष्मी, पुष्पा, मायावती मौजूद रहीं।