लखनऊ। राजधानी में बीते दो दिन से धूप और उमस का सितम जारी है। बुधवार को बादलों की माैजूदगी और पारे में हल्की गिरावट के बावजूद आभासी गर्मी और तेज उमस ने दिन में लोगों के पसीने छुड़ाए।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम के असर से लखनऊ में 25 और 26 सितंबर को छिटपुट बूंदाबांदी के संकेत हैं। इससे फाैरी ताैर पर गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान में भी थोड़ी कमी आ सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री गिरावट के साथ 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री की मामूली गिरावट के साथ 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।