जानकारी के मुताबिक, थाना बिसरख क्षेत्र के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल स्थित यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे ऑडिटोरियम नंबर-10 में रामायण फिल्म का शो चल रहा था। इसी दौरान प्रोजेक्टर रूम में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे तार गर्म होने लगे और वहां धुआं फैल गया। प्रोजेक्टर से धुआं निकलता देख सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शक घबरा गए। इसके बाद सिनेमा प्रबंधन ने तत्काल शो रुकवाकर लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
ऑडिटोरियम नंबर-10 में उस समय करीब 25 दर्शक फिल्म देख रहे थे। वहीं पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद लोगों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से तारों में लगी आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझा दिया। इसके बाद ऑडिटोरियम में मौजूद करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद एहतियातन तीन ऑडिटोरियम में स्क्रीनिंग रोक दी गई।
सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम और बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि धुएं के कारण किसी दर्शक या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। शो बीच में रुकने से दर्शकों को हुई असुविधा के बाद सिनेमा प्रबंधन की ओर से टिकट की रकम भी वापस कर दी गई। प्रारंभिक जांच में प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण तार गर्म होने और धुआं निकलने की बात सामने आई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।