- सोसाइटी के गेट का घेराव किया, निवासियों का आरोप, रास्ते को भी किया बंद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू 2 सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन(एओए) ने अवैध मार्केट संचालित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ बिसरख कोतवाली में शिकायत दी गई है। आरोप है कि प्राधिकरण का आदेश के अनुसार उन्होंने अवैध दुकान हटाने के लिए बोला, इसके बाद से दुकानदार उनके विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे हैं।
सोसाइटी के एओए अध्यक्ष दीपक भट्ट ने बताया कि बी टावर के पास फायर एग्जिट गेट है, जिसके पास सोसाइटी की मार्केट बनी हुई है, जहां मार्केट परिसर में अवैध रूप से रेहडी और अवैध दुकानें संचालित हो रही है। जिसकी शिकायत कई बार प्राधिकरण से की गई। प्राधिकरण की ओर से 19 जून को अवैध मार्केट हटाने को लेकर एओए को एक पत्र जारी किया गया, जिसमें प्राधिकरण ने 15 दिन का समय दिया, जिसके बाद उनके ऊपर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि सोसाइटी का हैंडोवर अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन को नहीं किया गया है,जिसके कारण अतिक्रमण हटाने की उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं बनती है, फिर भी प्राधिकरण द्वारा एओए को अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी नोटिस जारी किया गया, जो की ठीक नहीं है।
बाजार में लगाया आदेश
उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के आदेश को बाजार में लगा दिया गया था। उसके बाद भी कोई अवैध दुकान वहां से नहीं हटाई गई। 16 जुलाई को प्राधिकरण की टीम सोसाइटी में आई थी। टीम की ओर से दुकानदारों को चेतावनी जारी की गई। प्राधिकरण की टीम के जाने के बाद दुकानदारों ने सोसाइटी के गेट का घेराव किया और एओए के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।