...................अमर उजाला पड़ताल-
- कासना, सूरजपुर, जगत फार्म और परी चौक के इलाकों में समस्या
पीयूष गौतम
ग्रेटर नोएडा। शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे कासना, सूरजपुर, जगत फार्म और परी चौक की सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या लोगों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। फुटपाथों पर दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण लोग पैदल चलने में भी असुविधा महसूस कर रहे हैं। कई जगहों पर फुटपाथ से आगे बढ़कर दुकानदारों ने सड़कों के कुछ हिस्सों पर भी अतिक्रमण कर लिया है। आने-जाने वाले राहगीरों का कहना है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण से न केवल पैदल चलने वालों को असुविधा होती है, बल्कि यातायात भी बाधित होता है।
.................................................................................................
जगत फार्म : अतिक्रमण से रास्ता हुआ संकरा
बर्तन, प्लास्टिक व किचेन में उपयोग होने वाली वस्तुओं की बिक्री कर रहे दुकानदार ने यहां उत्पादों को फुटपाथ पर रख दिया है। अतिक्रमण के कारण फुटपाथ संकरी होने से लोगों को आने-जाने में असुविधा का समना करना पड़ रहा है।
सूरजपुर : फुटपाथ पर रखा कूलर
कृषक सेवा सहकारी समिति और मोहन मंदिर गली के ठीक सामने इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान है। दुकान के सामने दुकानदार ने फुटपाथ पर कूलर रखा हुआ है, जिसके कारण राहगीरों का आवागमन बाधित हो रहा है।
कासना : फुटपाथ का उपयोग बंद
कासना चौक से जिम्स अस्पताल की ओर जा रही सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है। यहां गारमेंट्स की दुकान पर पुतलों की मैनेक्विन रखी हुई हैं। वहीं एक अन्य दुकान के सामने फुटपाथ पर बांस का ढ़ांचा बनाकर फुटवियर बेचा जा रहा है। रास्ता बाधित होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों ने फुटपाथ का उपयोग बंद कर दिया है।
परी चौक : सड़क तक बिखरे टायर
परी चौक स्थित अंसल प्लाजा पुलिस चौकी से तुगलपुर की ओर जाने वाली सड़क किनारे बड़ी संख्या में टायर रखे हुए हैं। अतिक्रमण के कारण यहां फुटपाथ गायब हो गया है। सड़क के कुछ हिस्सों पर भी टायर बिखरे हुए हैं।
....................................................................................
बयान 1
हमें हर रोज फुटपाथ की बजाय सड़क पर चलना पड़ता है, जो कि बहुत खतरनाक है। दुकानदारों ने पूरा फुटपाथ घेर रखा है।
-
अरफा खान, स्थानीय निवासी, तुगलपुर
बयान 2
पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने व शहर में सुचारु यातायात के लिए इस समस्या पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है। -
राजवीर, स्थानीय निवासी, बीटा 1
.