-एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हासिल किया सिल्वर
-तमिलनाडु के चेन्नई में हुई थी इंटर स्टेट सीनियर एथलीट चैंपियनशिप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर की शिवानी सैनी ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से नोएडा का नाम रोशन किया है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में 20 अगस्त से 25 अगस्त तक आयोजित 64वीं राष्ट्रीय इंटर सीनियर एथलीट चैंपियनशिप में शिवानी ने 200 मीटर कैटेगरी में शानदार दौड़ लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में देशभर से आए बेहतरीन धावकों के बीच कड़ी टक्कर हुई। शिवानी ने रजत पर कब्जा जमाया लेकिन स्वर्ण से चूक गईं। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों और शहरवासियों में गर्व का माहौल है। एथलीट शिवानी ने बताया, इस प्रतियोगिता की शुरुआत तमिलनाडु के चेन्नई शहर में 20 अगस्त को हुई थी, जिसका समापन सोमवार 25 अगस्त को हुआ। इसमें सैकड़ों एथलीटों ने कई कैटगरी में हिस्सा लिया।
इनमें से 200 मीटर की दौड़ की कैटगरी में शहर की एथलीट शिवानी ने सिल्वर पदक हासिल कर लिया। शिवानी सैनी की इस जीत पर गौतमबुद्ध नगर जिले के जिला एथलीट संघ के सचिव अशोक सैनी ने कहा, शिवानी की यह जीत युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनका कहना है कि शिवानी का यह प्रदर्शन आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए मजबूत आधार बनेगा।