होली के बाद फिर बजेगी शहनाई, चार महीनों में 28 शुभ मुहूर्त तय
मई में 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13 और 14 को भी शुभ योग बन रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। होली के रंग फीके पड़ते ही शहर में शादी-ब्याह का मौसम फिर से शुरू हो गया है। मार्च से जून तक कुल 28 शुभ मुहूर्त होने के कारण विवाह समारोहों की तैयारियां तेज हो गई हैं। बैंक्वेट हॉल, होटल, कैटरिंग और बैंड-बाजा कारोबारियों के यहां बुकिंग बढ़ने लगी है, जिससे बाजारों में भी रौनक लौट आई है।
ज्योतिष महाऋषि पं. प्रकाश जोशी के अनुसार मार्च में 9, 10, 11 और 12 मार्च को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। वहीं अप्रैल में 15, 20, 21, 25, 26, 27, 28 और 29 अप्रैल को शादियों के लिए अनुकूल तिथियां हैं। इसके अलावा मई में 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13 और 14 मई को भी शुभ योग बन रहे हैं। जून महीने में 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27 और 29 जून को भी विवाह के लिए अच्छे मुहूर्त बताए गए हैं। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार जून के अंत तक विवाह समारोह चलते रहेंगे। इसके बाद आषाढ़ माह से चातुर्मास शुरू होने के कारण कुछ समय के लिए मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा, जो देवउठनी एकादशी के बाद फिर शुरू होंगे।